हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए/दुष्यंत कुमार

हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।

आज यह दीवार, परदों की तरह हिलने लगी,
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।

हर सड़क पर, हर गली में, हर नगर, हर गाँव में,
हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।

सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं,
सारी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।

मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही,
हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।
दुष्यंत कुमार

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हम चाहते ही नहीं मोहब्बत हो जाये मोहन मुंतजिर

अमावस की काली रातों में / कुमार विश्वास Kumar Vishwas

इन्दु जी क्या हुआ आपको / नागार्जुन